संदिग्ध अवस्था में फांसी के फंदे पर कमरे में लटका मिला युवक का शव, परिजन बोले बाहर से लगा था कमरे का ताला, हत्या की जताई आशंका

ललितपुर। रविवार की शाम कमरे में फांसी के फंदे पर संदिग्ध अवस्था में साड़ी से लटके मिले ठेकेदार के शव के मामले में परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर टांगने व घर के बाहर ताला लगाकर भागने का आरोप लगाया है। सोमवार शाम छह बजे तक मृतक के शव पोस्टमार्टम का पोस्टमार्टम नहीं हो सका था। एक तो वीडियाग्राफी व डाक्टर के पैनल के बीच कराया जाना है। वीडियोग्राफर नहीं मिल पाने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि युवक द्वारा फांसी लगाकर सुसाइड किया गया है।
थाना मड़ावरा अंतर्गत ग्राम सौंरई निवासी 52 वर्षीय राजू जैन पुत्र हजारी जैन का शव रविवार की शाम साढ़े तीन बजे के दरम्यान कमरे में फंासी के फंदे पर साड़ी से लटके मिलने के मामले में सोमवार को मृतक के परिजनों ने राजू की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। मृतक के भतीजे विशाल जैन ने बताया कि राजू शराब पीने का आदी था, वह अकेला सहरिया बस्ती में रहता था। उसकी पत्नी बाहर पुणे में डेढ़ महीने पहले गई हुई थी। उसने बताया कि चाचा खाना खाने के लिए उसके घर आते थे। वह शनिवार की दोपहर में आए थे, जब रविवार की दोपहर वह नहीं आए, तो उनकी खोजबीन की गई। कमरे में ताला लगा था। जब खिडक़ी से झांका तो देखा, तब राजू का शव फांसी के फंदे पर लटका था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। उसका आरोप है कि उसके चाचा का विवाद गांव के कुछ लोगों से पैसों के लेनदेन का विवाद चल रहा था। इसी के चलते गांव के दो तीन लोगों ने उनकी हत्या कर फांसी के फंदे पर लटका दिया, भतीजे ने यह भी आरोप लगाया कि चाचा के सिर व आंख पर चोट के निशान थे। वहीं मृतक के एक और भतीजे रोशन जैन ने बताया कि उसने जब फोटो निकालने की कोशिश की, तो पुलिस ने फोटो नहीं निकालने दी। उसने जो पहले फोटो निकाली थी, उसे भी डिलीट करवा दिया गया। इधर मृतक का चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। क्योंकि पोस्टमार्टम की वीडियो ग्राफी होनी है। ऐसे में उन्हें सोमवार की शाम छह बजते से वीडियाग्राफर नहीं मिल सका है। जिसके चलते उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसकी कोई संतान नहीं थी। वह मजदूरों को बाहर काम पर ले जाने का काम करता था।
इधर थानाध्यक्ष मड़ावरा अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।