सीडीओ ने किया बालगृह व सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण

ग्राम दैलवारा स्थित राजकीय बाल गृह (बालक) का सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी शेषनाथ चौहान ने औचक निरीक्षण किया, जहां सीडीओ को 13 बालक निवासरत पाये गये। तदोपरान्त नेहरू नगर स्थित राजकीय सम्प्रेण गृह (किशोर) का निरीक्षण किया, जहां 39 किशोर निवासरत पाए गए। उक्त दोनों संस्थाओं में बालकों, किशोरों से उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, खान-पान, खेलकूद, स्वच्छ पेयजल, मनोरंजन इत्यादि विषयों पर पूछताछ की गयी। संस्था में अन्य व्यवस्थाओं के साथ साफ-सफाई की व्यवस्था सामान्य पायी गयी। शिक्षा की गुणवत्ता, स्वास्थ्य एवं खान-पान इत्यादि की गुणवत्ता की जांच की गयी। बालको के बौद्धिक स्तर को परखा गया। संस्था के रिकार्डो का अवलोकन किया गया। संस्था के कर्मचारियों की दैनिक डायरी देखी गयी। संस्था के सौन्दर्यीकरण के साथ उसे मॉडल रूप में निर्मित करने के निर्देश अधीक्षक को दिये गये। जिला प्रोबेशन अधिकारी नन्दालाल सिंह के अतिरिक्त संस्थाओं के अधीक्षक एवं अन्य कर्मचारीगण उपस्थित थे।