36.99 प्रतिशत हुआ मतदान, भाजपा इंडिया गठबंधन में सीधी टक्कर

ललितपुर। बुधवार को नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के उप चुनाव में 49 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक 36.99 प्रतिशत ही मतदान हो सका, जो चर्चा का विषय बन गया। मतदान के पश्चात उभरी तस्वीर में भाजपा और इंडिया गठबंधन के मध्य कांटे का मुकाबला देखा जा रहा है। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवारों के प्रति मतदाताओं की बेरुखी देखी गई।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा से सोनाली विवेक जैन, इंडिया गठबंधन के सपा प्रत्याशी नीलम आशीष चौबे, नाजरीन, मीना राजा मैदान में हैं। बुधवार को मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई। इस दौरान 130908 शहरी मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए 49 मतदान केंद्र व 136 मतदान स्थल बनाये गए थे। तय समयावधि शाम पांच बजे तक 130908 मतदाताओं में से 48325 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। इस तरह कुल 36.92 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसमें सुबह नौ बजे तक 6022, सुबह ग्यारह बजे तक 14780, दोपहर एक बजे तक 27883, दोपहर तीन बजे तक 38137 शाम पांच बजे तक 47950, मतदान समाप्ति तक 48325 मत पड़े हैं।