मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

महिलाओं और बालिकाओं को बताए आत्मरक्षा के उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में सोमवार को जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बस अड्डों, बाजारों, पार्कों, स्कूलों और कॉलेजों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर अपराध से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
टीमों ने बताया कि महिलाओं को किसी भी प्रकार के यौन उत्पीड़न, छेड़खानी या उत्पीड़न की स्थिति में डरने के बजाय तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1090 या नजदीकी थाने में जाकर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही गुड टच और बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा के उपाय, तथा महिला अधिकारों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम के सुरक्षित उपयोग के लिए भी जागरूक किया और इन माध्यमों से होने वाले अपराधों से बचने के उपाय बताए।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं जिसमे 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा, 108 एम्बुलेंस, 1098 चाइल्ड लाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना और समाज में सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। पुलिस द्वारा यह अभियान लगातार जनपद के सभी क्षेत्रों में जारी रहेगा।



