पूर्व में निलंबित हुए अधिशासी अभियंता छत्रपति सिंह पर फिर लगे गंभीर आरोप, कार्यालय के बाहर इंजीनियर्स संघ बैठा धरने पर

अधिशाषी अभियंता के खिलाफ मोर्चा खोला इंजीनियर्स संघ ने ,आज से शुरू हुआ धरना प्रदर्शन
ललितपुर। सिंचाई विभाग के सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने अधिशाषी अभियंता (द्वैत कार्यभार) छत्रपति सिंह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शुक्रवार 07 नवम्बर से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभियंताओं ने आरोप लगाया है कि अधिशाषी अभियंता द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार, धमकाने, अवैध रूप से धन की मांग करने तथा लगातार प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धरना सिंचाई निर्माण खंड द्वितीय ललितपुर के कार्यालय के समक्ष प्रातः 11 बजे से प्रारंभ हुआ। संघ ने मांग की है कि छत्रपति सिंह से द्वैत कार्यभार तत्काल समाप्त किया जाए या खंड में तैनात अभियंताओं एवं कर्मचारियों का अन्यत्र स्थानांतरण किया जाए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा।



