कुएं में गिरने से किसान की मौत

ललितपुर। थाना गिरार क्षेत्र के ग्राम बम्हौरी खुर्द में शुक्रवार को एक किसान की कुएं में गिरने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बम्हौरी खुर्द निवासी 40 वर्षीय रामचरन पुत्र पिरुआ शुक्रवार सुबह खेत पर लगे फल व सब्जी की फसलों में पानी देने गया था। दोपहर तक घर न लौटने पर परिजन खेत पहुंचे तो रामचरन नहीं मिला। खेत पर खोजबीन करने पर कुएं के पास इंजन का सेक्शन पाइप खुला व तौलिया पड़ी मिली। शक होने पर ग्रामीणों ने कुएं का पानी खाली कराया, तब अंदर से रामचरन का शव बरामद हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मृतक के भतीजे बैजनाथ ने बताया कि रामचरन तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके तीन पुत्रियां और एक पुत्र है। वह खेती-किसानी करता था। संभावना व्यक्त की जा रही है कि सिंचाई करते समय पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया होगा। मृतक तैरना नहीं जानता था।



