उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

 

 

ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम वाठराव में शुक्रवार देर रात एक युवक ने अज्ञात कारण के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बार क्षेत्र के ग्राम वाठराव निवासी आभिषेक पुत्र मनीराम प्रजापति शुक्रवार शाम रोज की तरह परिजनों के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शनिवार सुबह करीब आठ बजे तक जब वह नहीं जगा तो उसकी मां भागवती ने आवाज दी, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। मां ने रोशनदान से झांककर देखा तो कमरे के अंदर छत के कुंदे से रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर आभिषेक का शव लटका दिखाई दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर एकत्र हो गए। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण गेती, फावड़ा व सब्बल की मदद से दीवार तोड़कर कमरे में प्रवेश किया गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना बार पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। मृतक के चचेरे भाई रामलाल प्रजापति ने बताया कि आभिषेक के पिता की पूर्व में ही मृत्यु हो चुकी थी। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। दोनों भाई मजदूरी के सिलसिले में दिल्ली गए हुए हैं, जबकि आभिषेक गांव में रहकर खेती-किसानी का कार्य करता था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *