पति-पत्नी विवाद के बाद महिला ने किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, हालत नाजुक, झांसी रेफर

ललितपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोड़ा में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी हालत बिगड़ी। सूचना मिलते ही पीआरवी 2618 ने महिला को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर हो ने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था, जिसका मामला थाने तक भी पहुंचा था, जहां दोनों के बीच आपसी समझौता हो गया था। लेकिन रविवार सुबह पुनः दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद महिला ने रोते हुए डायल 112 पर कॉल की और उसके बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
सूचना मिलते ही पीआरवी 2618 मौके पर पहुंची। उस समय महिला घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे। पीआरवी कर्मियों ने पड़ोसियों की मदद से महिला को पीआरवी 2618 से जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन महिला की हालत नाजुक देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



