बैंक में महिला बैंक कर्मी ने साथी कर्मी पर लगाया प्रताडऩा का आरोप
महिला बैंक कर्मी ने साथी पर प्रताड़ना व अभद्र टिप्पणी करने का लगा आरोप, मुकदमा दर्ज
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक बैंक में कार्यरत महिला कर्मी ने उसी शाखा में कार्यरत एक युवक पर आए दिन प्रताड़ित करने, बदनाम करने की धमकी देने और शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया । पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके साथ बैंक में कार्यरत एक आरोपी युवक लगातार उसे परेशान करता है। महिला के विरोध करने पर आरोपी उसे बदनाम करने की धमकी देता है और अश्लील व अभद्र टिप्पणी करता है।
पीड़िता का आरोप है कि बीती मई 2025 में आरोपी ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसका सीसीटीवी वीडियो उसके पास मौजूद है।
पुलिस ने पीड़िता महिला की तहरीर पर आरोपी बैंक कर्मी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 352, 115(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।




