झुके हुए विद्युत पोल से मोहल्लेवासी परेशान, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
जखौरा।
विकासखंड जखौरा की ग्राम पंचायत पिपरा में झुका हुआ विद्युत पोल मोहल्लेवासियों के लिए गंभीर परेशानी और भय का कारण बना हुआ है। जखौरा 33 केवी लाइन अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में बीते कई दिनों से एक विद्युत पोल लगभग 45 डिग्री तक झुक चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि उक्त विद्युत पोल क्षतिग्रस्त स्थिति में है और तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। यदि समय रहते इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी भी दिन जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है। स्थानीय लोगों द्वारा इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विद्युत विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
मोहल्लेवासियों ने विभागीय उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द पोल को सही कराने की मांग की है। इस संबंध में अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि विद्युत पोल काफी समय से टेढ़ा है और किसी भी समय दुर्घटना घट सकती है, इसलिए इसे तत्काल दुरुस्त किया जाना आवश्यक है।
वहीं राजा साहब बुंदेला राघवेंद्र सिंह सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने भी एक स्वर में विद्युत विभाग से मांग की कि संभावित हादसे को टालने के लिए जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और कोई अप्रिय घटना न हो।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग कब तक चेतता है और ग्राम पिपरा के लोगों को इस खतरे से निजात मिल पाती है या नहीं।




