जल अर्पण दिवस का हुआ आयोजन
ललितपुर। ग्राम पंचायत पटसेमरा में शनिवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल अर्पण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल, एडीएम नमामि गंगे राजेश कुमार श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र रावत, ब्लॉक प्रमुख मोहित निरंजन, चंद्रशेखर, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण अवनीश सिंह सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि मसौरा-सिंदवाहा ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत 45 गांवों में घर-घर नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इस योजना में इंटेक वेल, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, ओवरहेड टैंक और पाइप लाइन का निर्माण किया गया है। जल अर्पण दिवस के अवसर पर पेयजल व्यवस्था का संचालन व रख-रखाव ग्राम पंचायत को सौंपा गया। राज्यमंत्री ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए ग्रामीणों से पानी के सदुपयोग की अपील की। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों द्वारा जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। ग्राम प्रधान गोपाल सिंह तोमर ने योजना के लिए शासन व प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




