उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

पाली में महाशिवरात्रि पर 16वीं बार निकलेगी भोले बाबा की भव्य शिव बारात, तैयारियां जोरों पर

 

 

पाली। नगर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बन गया है। महाशिवरात्रि 15 फरवरी (रविवार) को मनाई जाएगी। इसको लेकर पाली शिव बारात समिति द्वारा तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। पाली में महाशिवरात्रि को हर वर्ष महोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जिसमें नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं।

 

समिति के अनुसार इस वर्ष भी भोले बाबा की भव्य-दिव्य शिव बारात का आयोजन किया जा रहा है, जो नगर में 16वीं बार निकाली जाएगी। यह शिव बारात दोपहर 2 बजे से श्री श्री 1008 श्री हजारिया विश्वनाथ मंदिर से प्रारंभ होगी। बारात मंदिर से निकलकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सम्पूर्ण नगर भ्रमण करेगी। शिव बारात को लेकर पूरे नगर में धार्मिक उल्लास देखने को मिल रहा है।

 

शिव बारात में इस बार विशेष आकर्षण के रूप में भगवान शिवजी के साथ ब्रह्मा, विष्णु, देवर्षि नारद, इन्द्र सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां शामिल रहेंगी। वहीं बारात में भूत-प्रेतों की विशाल टोली भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। समिति ने बताया कि शिवजी के गले में असली सांप भी रहेगा, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण होगा। साथ ही नंदी बाबा भी शिव बारात में शामिल रहेंगे।

 

बारात में पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। ढोल-नगाड़ों की गूंज, रमतूला एवं अन्य बुंदेली पारंपरिक प्रस्तुतियां वातावरण को भक्तिमय बना देंगी। समिति द्वारा इस बार आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शिव बारात के दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से पुष्प वर्षा की जाएगी, जिससे पूरे नगर में दिव्य और भव्य माहौल बनेगा।

 

पाली शिव बारात आयोजन समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें और अधिक से अधिक संख्या में शिव बारात में शामिल होकर भोले बाबा के विवाह उत्सव का आनंद लें। समिति ने इस बार नगर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी आमंत्रित किया है ताकि आयोजन और भी भव्य रूप ले सके।

 

समिति का कहना है कि शिव बारात केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की परंपरा और संस्कृति का प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष इसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं और नगर में भक्ति, उल्लास एवं श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!