ललितपुर में स्कूल भवन को गिराकर दुकानों का निर्माण कराने कराने का विरोध , ग्रामीणों ने मंगलवार को किया प्रदर्शन , काम रोके जाने की मांग
ललितपुर जिले के ग्राम ग्राम पराकलां में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकानों का निर्माण किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि द्वारा स्कूल भवन को गिराकर वहां व्यावसायिक दुकानों और मीट मार्केट स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया ।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम सभा की भूमि पर पूर्व में विद्यालय संचालित था, जो कई वर्षों से बंद चल रहा था। आरोप है कि कुछ माह पूर्व जिला पंचायत के प्रतिनिधि द्वारा गलत जानकारी देकर बुलडोजर से विद्यालय भवन गिरवा दिया गया। इसके बाद ग्राम सभा की भूमि पर रात-दिन काम लगाकर नियमों को ताक पर रखते हुए दुकानों का निर्माण शुरू कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय गिराने के बाद हाईकोर्ट में जनहित याचिका के माध्यम से यह दर्शाया गया कि स्कूल जर्जर अवस्था में था और उसकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। जबकि हकीकत यह है कि स्कूल का संचालन ही नहीं हो रहा था, ऐसे में उसकी आय बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं था।
आरोप है कि ग्राम सभा की बंजर भूमि पर दबंगई के बल पर दुकानों का निर्माण कर लोगों से प्रीमियम और जमानत के नाम पर 4 से 5 गुना अवैध धन वसूला गया। मामले में पहले भी शिकायत के बाद उप जिलाधिकारी के निर्देश पर दुकानों का निर्माण रुकवाया गया था और जांच रिपोर्ट में भूमि को ग्राम सभा की होना बताया गया था। इसके बावजूद दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवैध निर्माण कार्य तत्काल रोके जाने, पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन शिकायत के बाद जांच की संभावना जताई जा रही है।




