गर्मी से पहले पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के जिलाधिकारी ने दिये निर्देश
ललितपुर। आगामी गरमी के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी सत्यप्रकाश ने शहर में संभावित पेयजल संकट से निपटने के लिए संबंधित विभागों को अग्रिम तैयारी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल संस्थान को सभी बोरिंगों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत और रिबोरिंग समय रहते पूर्ण करने को कहा है।
जिन वार्डों में हर वर्ष जलस्तर गिरने से आपूर्ति बाधित होती है, वहां विशेष कार्ययोजना बनाकर वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। सिविल लाइन, गांधी नगर और आजादपुरा समेत संवेदनशील क्षेत्रों में टैंकरों से नियमित जलापूर्ति कराई जाएगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पेयजल व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। शीघ्र ही संबंधित विभागों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।




