यूपी-एमपी बॉर्डर पर पलटी लोडिंग टैक्सी
थाना बार क्षेत्र अंतर्गत रमपुराकठवर (यूपी-एमपी बॉर्डर) पर शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक तीन पहिया लोडिंग टैक्सी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।जानकारी के अनुसार, ललितपुर कोतवाली क्षेत्र के रोंडा निवासी चालक रूप सिंह अपनी लोडिंग टैक्सी लेकर मध्य प्रदेश के डारा गांव गाय छोड़ने गया थे। वापस लौटते समय, जब वे यूपी-एमपी बॉर्डर के कठवर गांव के पास पहुंचे, तभी उनके मोबाइल पर फोन आ गया। चालक ने बताया कि मोबाइल निकालने के लिए जेब में हाथ डालते ही वाहन असंतुलित हो गया और खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और ट्रैक्टर की सहायता से लोडिंग वाहन को सीधा कराया। गनीमत रही कि चालक रूप सिंह को केवल मामूली खरोंचें आईं और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे से मिट्टी उठाने के कारण इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने बताया कि बीते 3 फरवरी को भी इसी स्थान पर एक स्कॉर्पियो वाहन खाई में गिर गया था, हालांकि उसमें भी कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ था।




