फुटपाथ सब्जी विक्रेताओं विरोध,. जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
शहर के नई बस्ती/नजाई बाजार क्षेत्र में वर्षों से फुटपाथ पर सब्जी बेचकर जीविका चलाने वाले विक्रेताओं का आक्रोश बुधवार को खुलकर सामने आया। प्रशासन द्वारा हटाए जाने की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा व्यक्त की और राहत की मांग की। विक्रेताओं का कहना है कि वह लंबे समय से निर्धारित स्थान पर सब्जी विक्रय कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन की ओर से समय-समय पर हटाने की चेतावनी दी जाती रही है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें बार-बार हटाने की कार्रवाई की जा रही है, जो गरीब मेहनतकश लोगों के साथ अन्याय है। ज्ञापन में सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में नगर पालिका से कई बार संपर्क किया, लेकिन स्पष्ट आदेश या ठोस समाधान की जानकारी नहीं दी गई। ऐसे में वे असमंजस और भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। विक्रेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की है कि या तो उन्हें वर्तमान स्थान पर ही दुकान संचालित करने की अनुमति प्रदान की जाए अथवा नगर प्रशासन की ओर से समुचित वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका रोजगार सुरक्षित रह सके और परिवार का भरण-पोषण प्रभावित न हो। ज्ञापन पर कपूर चंद, मनोज कुशवाहा, मोहम्मदअली, महेश, राकेश, कैलाश, शैलेंद्र, अरशद, रवि, वीरेंद्र, रोहित, जितेंद्रराजपूत, सबीना, अफजल, लक्ष्मी, अनीश, इमरान, सरमन, नाजो, गीता सहित अनेक फुटपाथ सब्जी विक्रेताओं के हस्ताक्षर दर्ज हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और फुटपाथ विक्रेताओं को राहत मिल पाती है या नहीं।




