ललितपुर: साप्ताहिक परेड में एसपी मो. मुश्ताक ने परखी तैयारियां, डायल-112 वाहनों का भी किया निरीक्षण
ललितपुर। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स में आयोजित साप्ताहिक परेड में पुलिस अधीक्षक ललितपुर मो. मुश्ताक ने सलामी लेकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्रिल, अनुशासन, ड्रेस कोड और तालमेल की गुणवत्ता को बारीकी से परखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
परेड के बाद एसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित शस्त्रागार, परिवहन शाखा, भोजनालय, क्वार्टर गार्ड, कैंटीन, कंट्रोल रूम और वर्दी स्टोर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
डायल-112 के पीआरवी वाहनों की भी जांच की गई। वाहनों की साफ-सफाई, वायरलेस सेट, जीपीएस ट्रैकर, टैब/मोबाइल सहित आपात उपकरणों की कार्यशीलता परखी गई। पीआरवी स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशील और सेवा भाव से कार्य करने की नसीहत देते हुए रिस्पॉन्स टाइम बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
इसके बाद अर्दली रूम आयोजित कर विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया गया। विभागीय कार्यवाहियों, शिकायतों और लंबित पत्रावलियों की समीक्षा कर त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित शाखा प्रभारियों को दिए गए। परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं भी सुनी गईं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी लाइन्स सुनील भारद्वाज, प्रतिसार निरीक्षक जगदीश चंद्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



