खाने-पीने के विवाद में युवक पर लाठी-डंडों से हमला, पुलिस ने कराया मेडिकल
ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के ककराड़ी निवासी राजकुमार पुत्र सुरेश रजक, जो पेशे से टेंट का कार्य करते हैं, पर देर रात लगभग 10 बजे तीन लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि खाने-पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
पीड़ित राजकुमार के अनुसार छोटू, हरप्रसाद सहरिया व मनोज जैन ने कथित रूप से टेंट मालिक मनोज की शह पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमले में राजकुमार को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मामले की सूचना मिलते ही जखौरा पुलिस सक्रिय हुई और घायल को अस्पताल भेजकर चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया। पुलिस ने बताया कि पीड़ित की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है तथा प्रकरण में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलन में है।
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




