मेहरावन माता मंदिर के पास तेज रफ्तार बस की टक्कर, महिला सहित तीन गंभीर
तालबेहट। पूराकलां मार्ग पर मेहरावन माता मंदिर के समीप तेज गति से जा रही बेतवा कंपनी की बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत नाजुक देखते हुए जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घायलों में पुष्पा (48) पत्नी अरुण निवासी बम्होरी कला, अरुण (50) पुत्र हल्केराम निवासी बम्होरी कला तथा लालसिंह (35) पुत्र चुन्नूलाल निवासी सुनोरी मजरा खैरा शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




