सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत, मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
दबंग व्यक्ति पिलर खड़े कर और गेट लगाकर सरकारी भूमि हड़पने का आरोप
ललितपुर। शहर के थाना कोतवाली अंतर्गत जेल चौराहा झांसीपुरा क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला गरमा गया है। क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर एक व्यक्ति पर सरकारी भूमि कब्जाने का गंभीर आरोप लगाया है और कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है। प्रार्थिनी गुडडी पत्नी अनिल बाल्मीकि निवासी जेल चौराहा ने शिकायती पत्र में बताया कि उनके मकान के सामने स्थित सरकारी जमीन पर मोहल्ले का ही एक व्यक्ति अवैध रूप से कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने कब्जा करने के उद्देश्य से वहां पिलर खड़े कर दिए हैं और गेट भी लगा लिया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कब्जा करने वाला व्यक्ति दबंग और आपराधिक किस्म का है, जिसने पहले भी कई सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे किए हुए हैं। मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस अवैध निर्माण से सार्वजनिक भूमि का अस्तित्व खतरे में है और स्थानीय लोगों को असुविधा हो रही है। मोहल्लेवासियों ने जिलाधिकारी से पुरजोर मांग की है कि उक्त व्यक्ति द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को तुरंत हटवाया जाए और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाए। शिकायती पत्र पर गुडडी, अंकिता, अनूप कुमार, नरेंद्र, उर्मिला, मोहिनी सहित दर्जनों स्थानीय निवासियों के हस्ताक्षर मौजूद हैं।




