उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य
डीएम व एसपी ने हाईवे पर घायल युवक को एस्कॉर्ट वाहन से पहुंचाया अस्पताल
ललितपुर। मानवता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सड़क हादसे में घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया। गुरुवार को जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक अपने एस्कॉर्ट दल के साथ सरकारी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-44 पर बृजवासी लॉज के सामने एक युवक मोटरसाइकिल दुर्घटना में घायल होकर सड़क किनारे पड़ा दिखाई दिया। घटना को देखते ही अधिकारियों ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और घायल युवक को उठाकर अपने एस्कॉर्ट वाहन से उपचार के लिए जिला अस्पताल ललितपुर भिजवाया। अधिकारियों की तत्परता से घायल को समय रहते इलाज मिल सका। मौके पर मौजूद लोगों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की इस मानवीय पहल की सराहना की।




