मड़ावरा में बोलेरो ने बाइक सवार को टक्कर मारीः युवक मेडिकल कॉलेज रेफर, चालक वाहन छोड़कर फरार
ललितपुर के मड़ावरा थाना क्षेत्र के ग्राम गिदवाहा में सोमवार रात एक बोलेरो कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गिदवाहा निवासी गज्जू (35) पुत्र काशीराम अहिरवार रात करीब 8 बजे गांव के पास सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठे थे। इसी दौरान गिरार की ओर से आ रही बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गज्जू गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद पास में मौजूद भीम आर्मी के जिला संयोजक सीताराम अहिरवार और अन्य कार्यकर्ताओं ने तत्काल घायल गज्जू को अपने वाहन से मड़ावरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
उधर, टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया, लेकिन चालक घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बोलेरो छोड़कर भागने में सफल रहा।




