उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

डूडा कार्यालय में भ्रष्टाचार का खेल भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने खोला मोर्चा, डीएम से की लिखित शिकायत

ललितपुर। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय में फाइलों के अनुमोदन में चल रही कथित अनियिमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला अब गरमा गया है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं जिला सहकारी बैंक की डायरेक्टर किरण सेन ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कार्यालय में व्याप्त पिक एण्ड चूज की नीति और अवैध धन उगाही की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
पात्रों की फाइलें डंप, अपात्रों पर मेहरबानी?
भाजपा जिला उपाध्यक्ष किरण सेन ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि डूडा कार्यालय में फाइल अप्रूवल की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी नहीं है। क्षेत्र के कई पात्र लाभार्थियों ने उनसे शिकायत की है कि उनके आवेदन सभी मानक पूरे करने के बावजूद अनावश्यक रूप से लंबित रखे जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा पिक एंड चूज (चयनित) तरीके से कुछ फाइलों को गुपचुप तरीके से आगे बढ़ा दिया जाता है।
लखनऊ से मना है का बहाना बनाकर टालमटोल
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब लाभार्थी कार्यालय में पूछताछ करने जाते हैं, तो उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि ऊपर लखनऊ से मना किया गया है। किरण सेन का कहना है कि इस संबंध में न तो कोई लिखित आदेश दिखाया जाता है और न ही कोई स्पष्ट कारण बताया जाता है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि कई मामलों में अवैध रूप से धन लेकर फाइलों का अनुमोदन किया जा रहा है, जो शासन की मंशा के विपरीत है।
इन मांगों पर अड़ी भाजपा नेत्री
जिला उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से इस प्रकरण में तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए बिंदु रखे हैं कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए। भ्रष्टाचार में संलिप्त दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो। पात्र लाभार्थियों की लंबित फाइलों का नियमनुसार शीघ्र निस्तारण किया जाए।
इनका कहना है
जन प्रतिनिधि होने के नाते जनता का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डूडा में फाइल दबाने और पैसे लेकर काम करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिसे लेकर अब प्रशासन को अवगत कराया गया है।
किरण सेन, जिला उपाध्यक्ष, भाजपा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!