जमीन विवाद में महिला से मारपीट जान से मारने की धमकी, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला नेहरू नगर निवासी समाबानो पत्नी रहीम खान ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्राम पटौराकलां स्थित उनकी भूमि को लेकर पूर्व से विवाद चल रहा है। उक्त भूमि के संबंध में न्यायालय द्वारा उनके पक्ष में आदेश भी दिया जा चुका है। पीडि़ता के अनुसार, 7 अक्टूबर 2025 को राजस्व टीम द्वारा मौके पर सीमांकन किया जा रहा था। इसी दौरान गांव पटौराकलां निवासी बुद्धा पुत्र किशोर, उसकी पत्नी रानी तथा पुत्र निहाल लखन मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए सीमांकन के निशानों को तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट पर आमादा होते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने बताया कि घटना के दौरान मौके पर मौजूद राजस्व व पुलिसकर्मियों के सामने ही आरोपियों ने विवाद किया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने उच्च अधिकारियों को भी शिकायत भेजी, जिसके बाद अब मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 131, 352, 351(3) एवं 324(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।




