तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मजदूर गंभीर घायल, चालक समेत कई पर मुकदमा दर्ज
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक सहित कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टौरिया थाना बार निवासी विमला पत्नी जीवन ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि 12 मार्च 2026 की शाम करीब 7.30 बजे उनके पति जीवन मजदूरी करके मोटरसाइकिल से ललितपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान झिरिया नहर चौराहे के पास तेज गति और लापरवाही से आ रहे ट्रैक्टर चालक संतोष पुत्र ननुआ अहिरवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके पति का हाथ और पैर टूट गया तथा शरीर में गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार के लिए झांसी के चिरंजीवी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि घटना में संतोष के साथ देवेन्द्र, अनंदी और केशपाल भी शामिल थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 125(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।




