रास्ता रोकने का विरोध करने पर युवक और उसके भाई को पीटा
ललितपुर। थाना बार अंतर्गत ग्राम ठाठखेरा में ट्रैक्टर से अनाज ले जा रहे एक युवक के साथ रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर विवाद हो गया। दबंगों ने न केवल युवक के साथ गाली-गलौज की, बल्कि बीच-बचाव करने आए उसके चचेरे भाई को भी लात-घूंसों से जमकर पीटा। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्राम ठाठखेरा निवासी सौरभ पुत्र रामकुमार पस्तोर ने पुलिस को बताया कि मंगलवार, 17 मार्च की रात करीब 10.30 बजे वह अपने ट्रैक्टर में गेहूं भरकर गांव के ही एक व्यक्ति के घर जा रहा था। रास्ते में कृष्णपाल के घर के पास ग्राम टोडी निवासी विजयपाल यादव, चंद्रपाल यादव और आशीष ने अपनी मोटरसाइकिल बीच रास्ते में खड़ी कर रखी थी। जब सौरभ ने उन्हें रास्ता खाली करने को कहा, तो तीनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने सौरभ के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब सौरभ का चचेरा भाई रूपेश उसे बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे भी पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। पीडि़त की शिकायत पर थाना बार पुलिस ने आरोपी विजयपाल, चंद्रपाल और आशीष के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला पंजीकृत किया है।




