मड़ावरा थाना क्षेत्र के बम्होरी कलां में युवक के साथ मारपीट का मामला आया सामने
ललितपुर के मड़ावरा थाना क्षेत्र के बम्होरी कलां में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़ित के छोटे भाई ने लव मैरिज की थी। उसी से नाराज उसकी प्रेमिका के पिता ने बाइक रोककर मारपीट कर दी।
जानकारी के अनुसार, थाना नाराहट क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी इंद्रपाल (30) पुत्र भगुंते अहिरवार शुक्रवार की शाम वह किसी कार्य से मड़ावरा आया हुआ था। काम निपटाने के बाद शाम के समय अपनी बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकला था। आरोप है कि बम्होरी कलां गांव के समीप उसके छोटे भाई के ससुर ने बाइक रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद घायल अवस्था में छोड़कर उसे भाग गया। घायल ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन घायल को मड़ावरा थाने लेकर पहुंचे। जहां से पुलिस ने मेडिकल परीक्षण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है।
इंद्रपाल ने बताया कि करीब 3 माह पहले उसके छोटे भाई देशपत ने लव मैरिज की थी। लड़की के परिजन इससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि लव मैरिज से नाराज पिता ने उसके साथ मारपीट की। मड़ावरा के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




