करंट लगने से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर
ललितपुर जनपद के जखौरा ब्लॉक अंतर्गत धर्मपुरा गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धर्मपुरा जमौरा माफी निवासी अरविंद सिंह राजपूत पुत्र प्रताप सिंह राजपूत शनिवार रात करीब 10 बजे घर पर बिजली की डीपी से कनेक्शन जोड़ने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए।
घटना के समय परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से झुलसे अरविंद सिंह को तत्काल जिला अस्पताल ललितपुर ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उनके पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। इस घटना ने न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।




