जल्द ही मूर्ति स्थापना को लेकर होंगे प्रयास तेज समिति ने ईओ से की मुलाकात, विस्तार से हुयी चर्चा
ललितपुर। राष्ट्रवीर दुर्गादास समिति के पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंच कर अधिशाषी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा से मुलाकात की। इस दौरान समिति पदाधिकारियों ने वीर शिरोमणि राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर की मूर्ति लगवाये जाने के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की। बताया कि पूर्व में नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में राष्ट्रवीर दुर्गादास की प्रतिमा लगाये जाने के सम्बन्ध में प्रस्ताव पास हुआ था। यह मूर्ति सुपर मार्केट के खाली पड़े प्लाट में लगाये जाने का प्रस्ताव हुआ था। लेकिन ईओ ने बताया कि वहां पूर्व में दुकानें बनाने का प्रस्ताव है, इसलिए गत दिनों बोर्ड मीटिंग में स्थान परिवर्तन का प्रस्ताव पास हुआ। चूंकि बहुल समय से जिला राठौर समाज एवं राष्ट्रवीर दुर्गादास मूर्ति स्थापना समिति कई बार अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ईओ से मुलाकात की। बावजूद इसके अभी तक मूर्ति नहीं लगायी गयी। बैठक में ईओ से जेल चौराहा पर मूर्ति लगाये जाने का आश्वासन दिया और निर्णय समाज पर छोड़ दिया। इस सम्बन्ध में समिति द्वारा आगामी 1-2 दिन में निर्णय लेने का वायदा किया गया। समिति ने बताया कि शीघ्र ही मूर्ति स्थापना करायी जायेगी, जिससे समाज में खुशी की लहर है। यह जानकारी राठौर समाज के मीडिया प्रभारी प्रवीण राठौर शिब्बू ने दी है।




