एसपी ने किया तालबेहट थाने का वार्षिक निरीक्षण
अपराध नियंत्रण व महिला सुरक्षा पर दिए कड़े निर्देश
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने मंगलवार को थाना तालबेहट का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गार्द की सलामी ली और पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, ई-मालखाना, बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न अभिलेखों जैसे एनसीआर रजिस्टर, टॉप-10 अपराधी रजिस्टर, महिला उत्पीडऩ रजिस्टर, समाधान दिवस रजिस्टर आदि की जांच की गई, जो अद्यावधिक एवं संतोषजनक पाए गए। एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की नियमित निगरानी, अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई तथा एचएस रजिस्टर की साप्ताहिक चेकिंग के निर्देश दिए। ई-मालखाना और शस्त्रागार के निरीक्षण में शस्त्रों की साफ-सफाई व रख-रखाव पर जोर देते हुए लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। वहीं आईजीआरएस प्रकरणों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आगामी नवरात्र पर्व को देखते हुए धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पैदल व रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए। साथ ही गुण्डा, गैंगस्टर व 129 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई तेज करने को कहा गया। एसपी ने यक्ष एप के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए अपराधियों की डिजिटल निगरानी और गैंग नेटवर्क की जानकारी जुटाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केन्द्र के निरीक्षण में महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया तथा पीडि़ताओं की समुचित काउंसलिंग पर जोर दिया गया। साइबर हेल्प डेस्क के निरीक्षण में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीडि़तों की धनराशि वापस कराने, बैंक खातों को फ्रीज कराने तथा विभिन्न पोर्टलों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध शराब व मादक पदार्थों पर नियंत्रण तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक मनोज मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




