ग्राम सिंदवाहा में गेहूं की खड़ी फसल में आग, लगभग 20 एकड़ फसल जलकर खाक
ललितपुर। जनपद के ग्राम सिंदवाहा में उस समय हड़कंप मच गया जब खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में चल रहे एक हार्वेस्टर से निकली चिंगारी के कारण आग भड़क उठी, जिससे लगभग 20 एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई।
घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश देखा गया। किसानों का आरोप है कि हार्वेस्टर संचालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब हार्वेस्टर संचालकों द्वारा उल्टा किसानों के खिलाफ ही कोतवाली महरौनी में प्रार्थना पत्र दे दिया गया।
पीड़ित किसानों ने इस घटना को लेकर जिलाधिकारी महोदय से न्याय की गुहार लगाई है। किसानों का कहना है कि उन्हें हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाए, ताकि प्रभावित किसानों को न्याय मिल सके।




