दबंगों ने जेसीबी से मकान ढहाने का किया प्रयास, बुजुर्ग महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रामनगर मोहल्ले में एक बुजुर्ग महिला के मकान पर दबंगों द्वारा जेसीबी मशीन से जबरन खुदाई कर मकान गिराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़िता ने की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी अनुसार, रामनगर निवासी 88 वर्षीय पीड़िता शिया दुलारी उर्फ सिया कुमारी पत्नी स्वर्गीय रामकुमार सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 05 अप्रैल को सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने मकान में थी तभी दो आरोपी अपने कई अज्ञात साथियों के साथ जेसीबी मशीन लेकर उनके मकान की बाउंड्री के अंदर घुस आए और खुदाई करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और मारपीट पर उतारू हो गए। साथ ही जेसीबी के माध्यम से मकान को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं और इस घटना से वह बेहद भयभीत हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके जिम्मेदार उक्त आरोपी होंगे। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 131, 351(3) व 352 बीएनएस तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी।




