जिलाधिकारी ने मण्डी में नियमित साफ-सफाई के साथ, किसानों, व्यापारियों और पल्लेदारों के लिए पेयजल व छायादार स्थान उपलब्ध कराने के दिये निर्देश
डीएम ने नवीन मण्डी स्थल ललितपुर एवं विशिष्ट मण्डी स्थल अमरपुर का निरीक्षण कर क्रय केन्द्रों की देखी व्यवस्थाएं
किसानों की भीड़ एवं खराब मौसम के दृष्टिगत क्रय केन्द्रों पर इलैक्ट्रॉनिक कांटे बढ़ाने के दिये निर्देश
मण्डी के नीलामी चबूतरों पर रखी जायेगी किसानों की उपज, हटेगा व्यापारियों का भण्डारण: डीएम
—————————————————
ललितपुर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने गुरुवार को नवीन मण्डी स्थल ललितपुर एवं विशिष्ट मण्डी स्थल अमरपुर के निरीक्षण के साथ-साथ मण्डी परिसर में संचालित गेहूँ केन्द्रों का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि नवीन मण्डी स्थल में निर्मित समस्त नीलामी चबूतरों को किसान की कृषि उपज की विक्री के उपयोग के लिये रखा जाये, उन पर किसी भी व्यापारी द्वारा भण्डारण न किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नवीन मण्डी स्थल में निर्मित कृषक विश्राम गृह को किसानों के उपयोग के लिये प्रतिदिन खोला जाये, मण्डी परिसर में प्रतिदिन नियमित रुप से साफ-सफाई करायी जाए। कृषकों द्वारा विक्रय हेतु लाये गये कृषि उत्पादों की नीलामी कराते हुये अधिकतम मूल्य पर कृषि उत्पादों की बिक्री करायी जाये तथा किसानों के कृषि उपज की तौल नियमानुसार करायी जाये।
उन्होंने मण्डी परिसर में संचालित एफ०सी०आई० के गेहूं क्रय केन्द्र पर किसानों की भीड़ एवं खराब मौसम को देखते हुये एक अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटा उपलब्ध कराने एवं मण्डी में आने वाले कृषकों, व्यापारियों, पल्लेदारों आदि के लिये पेयजल की व्यवस्था एवं छायादार स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश मण्डी सचिव को को दिये।
इसके उपरान्त उन्होंने विशिष्ट मण्डी स्थल अमरपुर में संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया। गेहूँ क्रय केन्द्रों पर किसानों की भीड/खराब मौसम को देखते हुये मण्डी सचिव को निर्देशित किया गया कि एफ०सी०आई० क्रय केन्द्र पर 04 अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटें, विपणन शाखा, पी०सी०एफ० के दो क्रय केन्द्रों पर 01-01 अतिरिक्त इलेक्ट्रॉनिक कांटा उपलब्ध कराये जायें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी/जिला खरीद अधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, मण्डी सचिव सहित यातायात प्रभारी व कृषक बंधु उपस्थित रहे।
—————————————————




