ललितपुर के युवक की सड़क हादसे में मौतः एमपी के टीकमगढ़ में ससुराल जाते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
टीकमगढ़ जिले के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में ललितपुर का बंगरा निवासी युवक राजेंद्र सिंह बुंदेला (25) की मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे हुई, जब राजेंद्र अपनी मोटरसाइकिल से ससुराल जा रहे थे।जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सिंह बुंदेला पुत्र सुंदरपाल सिंह, बानपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के रहने वाले थे। वे अपनी टीवीएस मोटरसाइकिल से ससुराल के लिए निकले थे।
मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शासकीय पीजी कॉलेज के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में राजेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनगढ़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों को सूचित किया। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।




