उत्तर प्रदेशराजनीतिराज्य

किसानों को हुई फसल क्षति के लिए सरकार संवेदनशील : भानु चन्द्र गोस्वामी

राहत आयुक्त ने जनपद का भ्रमण कर फसल क्षति का लिया जायजा, कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
ललितपुर। जिले में अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने 121 करोड़ 85 लाख 2 हजार 677 की राहत राशि दो किश्तों में (प्रथम किश्त 45 करोड़ व द्वितीय किश्त 76 करोड़ 85 लाख 2 हजार 677 रुपए) जनपद ललितपुर के अतिवृष्टि प्रभावित किसानों के लिए आवंटित कर दी है, जिसके त्वरित व पारदर्शी वितरण का जायजा लेने के लिए राहत आयुक्त, उत्तर प्रदेश शासन भानु चन्द्र गोस्वामी ने ललितपुर का दौरा किया।
इस दौरान राहत आयुक्त ने जनपद के ग्रामों में मौके पर जाकर फसल क्षति का जायजा लिया, किसानों से वार्ता की एवं जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व व कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में अतिवृष्टि की स्थिति और उससे हुये फसलों के नुकसान को जाना, उन्होंने सम्बंधित उप जिलाधिकारी, तहसीलदारों से एक-एक कर फीडबैक लिया। उन्होंने उप निदेशक कृषि से प्रधानमंत्री फसल बीमा की समीक्षा की तथा की गई कार्यवाही को भी जाना। उन्होंने मण्डी सचिवों से विगत तीन वर्षों की मण्डी में फसलों की आवक के सापेक्ष वर्तमान में फसल आवक की भारी गिरावट को भी समझा। राहत आयुक्त ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि किसानों का डाटा त्वरित गति से सुस्पष्ट रुप से फीड कराते हुए शासन की मंशानुसार किसानों को राहत राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने का कार्य करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को हुई क्षति के प्रति पूर्ण रुप से संवेदनशील है, इसलिए मांग के सापेक्ष त्वरित रुप राहत राशि जिलों को आवंटित कर दी गई है। इस दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि जनपद के प्रभावित किसानों को राहत राशि पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है, उप जिलाधिकारियों की निगरानी में राजस्व विभाग की टीमें दिनरात सर्वे व फीडिंग का कार्य कर रही हैं, जिन किसानों का डाटा फीड होता जा रहा है, उन्हें तत्काल राहत राशि उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है, यह कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ निरंतर चल रहा है। इस दौरान राहत आयुक्त ने तहसील ललितपुर के ग्राम जाखलौन, मैखुवां, सगौरिया व तहसील तालबेहट के बरौदाडांग, खैरीडांग, खैराडांग, सुनपुरा, रजपुरा, टोड़ी व गदयाना का दौरा किया। उन्होंने ग्रामों में किसानों से मिलकर उनसे वार्ता की तथा खराब हुई फसल को देखा। उन्होंने कहा कि किसान राहत राशि के लिए सम्बंधित तहसील में अपनी जमीन का गाटा, बैंक पासबुक, आधार व मोबाइल नम्बर उपलब्ध करा दें, ताकि फीडिंग के उपरान्त जल्द राहत राशि भेजी जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अंकुर श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी सदर चंद्रभूषण प्रताप, उप जिलाधिकारी तालबेहट श्रीराम यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण व किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *