चलते ट्रक में लगी आग, गौना के पास सामान जलकर खाक, चालक ने कूदकर बचाई जान
ललितपुर जिले में बुधवार सुबह करीब 10 बजे NH-44 हाइवे पर नाराहट गौना के पास एक चलते ट्रक में आग लग गई। इस घटना में ट्रक में लदा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, चालक ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक से अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक का पिछला गेट खोलकर कुछ सामान बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण अधिकांश सामान जल गया।
यह ट्रक सागर की ओर जा रहा था, जब रास्ते में यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे किसी बड़े हादसे को टाला जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारण कुछ देर के लिए बाधित हुए यातायात को पुलिस ने फिर से सुचारू कराया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।




