2047 तक न देश में कांग्रेस और न प्रदेश सपा आएगी: केशव प्रसाद
सपा, बसपा, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ, फलीभूत होता भ्रष्टाचार
ललितपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के प्रसाद मौर्य ने सपा, कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 2047 तक ना तो देश में कांग्रेस और ना प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार आने वाली है। आप सब के आशीर्वाद से प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड बहुमत से सरकार आने वाली है। गिन्नौट बाग में आयोजित मण्डलीय सरस मेला को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने सपा, बसपा, कांग्रेस की नीतियों की आलोचना की।
उन्होंने कांग्रेस से प्रधानमंत्री रहे राजीव गांधी के संसद में दिए उस वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि जब हम दिल्ली से ₹1 भेजते हैं तो लोगों के लिए 15 पैसा पहुंचता है। मोदी जी ने लोगों के बैंकों में खाते खुलवाए और उनके खाते में सीधा पैसा पहुंचाना शुरू किया। आज ही मोदी जी किसान सम्मान निधि 2000_2000 किसानों के बैंक खातों में भेजने वाले हैं। यदि यही पैसा सपा, बसपा, कांग्रेस के समय में भेजा जाता तो केवल ₹300 हाथ आते और 1700 रुपए भ्रष्टाचारी खा जाते। मोदी जी ने इस भ्रष्टाचार को खत्म किया और उस पैसे को गरीब कल्याण में लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव पी डी ए की बात करते हैं। जब 2012 से 2017 तक प्रदेश में आपकी सरकार रही, तब पिछड़े, दलित ध्यान में क्यों नहीं आए। समूह की दीदी हिम्मत के साथ सरस मेले में आई हैं। यदि अखिलेश यादव की सरकार आती तो घर वाले कहते कि अपने घर से बाहर मत जाओ, समाजवादी पार्टी की सरकार है। मेरी दीदियों को खतरा हो सकता है लेकिन अभी किसी को सुरक्षा का खतरा लगता है। कानून व्यवस्था चुस्त, दुरुस्त है। बड़े-बड़े गुंडे, अपराधी, माफिया जेल में घूम रहे हैं। मैं सभी को विश्वास दिलाता हूं कि 2047 तक ना तो देश में कांग्रेस और ना ही प्रदेश में सपा आने वाली है। आपके आशीर्वाद से प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार आने वाली है। समाजवादी पार्टी वाले सत्ता वियोग में बौखलाए हैं, यह दुष्प्रचार कर रहे हैं। अच्छा बताओ कि किसी दीदी को गैस लेने में समस्या हुई है, दोनों हाथ उठाकर बताओ। किसी को समस्या नहीं हुई, केवल राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, अखिलेश यादव उनकी पत्नी डिंपल यादव को ही परेशानी हो रही है। यदि उनके घर की चेकिंग कराई जाए तो उनके घर में 10-10, 20_20 सिलेंडर अभी भी मिल जाएंगे। यह मोदी जी और सरकार को बदनाम करना चाहते हैं, उन्हें मालूम नहीं कि उनकी स्टार प्रचारक उनकी दीदी यहां पर बैठी हुई है, उनके रहते कोई मोदी जी को बदनाम नहीं कर सकता। कोई भाजपा को बदनाम कर सकता है क्या। ना तो डीजल और ना पेट्रोल की किल्लत है और ना ही गैस की। अमेरिका, इजरायल, ईरान युद्ध के चलते तेल के जहाज निकालने में अड़चन आई, जिसे मोदी जी दूर कर रहे हैं। उधर, पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को अफवाह यादव, राहुल गांधी को अफवाह गांधी का नाम दे देना चाहिए, यह देश का माहौल खराब करना चाहते हैं लेकिन इन्हें मुंह की खानी पड़ेगी । देश की जनता जवाब देगी।




