उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

दिनदहाड़े बैंक चोरी से हड़कंप, पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश, सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की तलाश तेज़ 

 

 

महरौनी (ललितपुर)।

नगर में सोमवार को सेंट्रल बैंक के भीतर दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक मो मुस्ताक अहमद ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, आईटी सेल तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ये टीमें बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर रही हैं।

प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस इन व्यक्तियों की पहचान करने और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी हुई है। आईटी सेल तकनीकी माध्यमों से फुटेज का गहन विश्लेषण कर रही है, जबकि क्राइम ब्रांच की टीम संभावित स्थानों पर दबिश देने की रणनीति बना रही है।

पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि शीघ्र ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!