उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

एसपी मो.मुश्ताक ने कोतवाली का किया वार्षिक निरीक्षण, चौकीदार नाथूराम सम्मानित

 

सुरक्षा व्यवस्था, रजिस्टरों, साइबर सेल व मिशन शक्ति केन्द्र की जांच, पुलिस कर्मियों को दिए आवश्यक निर्देश

ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने गुरुवार को कोतवाली सदर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लेते हुए कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत गार्द द्वारा सलामी देने से हुई, जिसके बाद एसपी ने गार्द का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों के टर्नआउट को परखा। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का भ्रमण करते हुए कार्यालय, हवालात, कम्प्यूटर कक्ष, मिशन शक्ति केन्द्र, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीवी कैमरे, मालखाना, बैरक सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान थाना के विभिन्न महत्वपूर्ण रजिस्टरों—एनसीआर, टॉप-10, महिला उत्पीडऩ, भूमाफिया, त्यौहार रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई, जो अद्यतन एवं संतोषजनक पाए गए। एसपी ने हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चेकिंग, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई तथा गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। ई-मालखाना और शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए शस्त्रों की नियमित सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर हेल्प डेस्क पर धोखाधड़ी से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई, बैंक खातों को डेबिट फ्रीज कराने और पीडि़तों की धनराशि वापस दिलाने के लिए समन्वय बढ़ाने को कहा गया। मिशन शक्ति केन्द्र का निरीक्षण करते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही एंटी रोमियो टीम की नियमित मॉनिटरिंग और पीडि़ताओं की समुचित काउंसिलिंग के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने ग्राम बुढ़वार के चौकीदार नाथूराम को क्षेत्र की सटीक जानकारी एवं अपराध संबंधी महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने के लिए 2 हजार रुपये की नगद धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिससे अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिली। इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनुराग अवस्थी, उपनिरीक्षक राम प्रकाश सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!