तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल-मामला दर्ज
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पटऊवा थाना पाली निवासी गोविन्द पुत्र हल्केने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 10 मार्च 2026 को उनका पुत्र सौरभ, भाई मुकेश और पिता हल्के मोटरसाइकिल से झांसी से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह कैलगुवां तिराहा के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति और लापरवाही से आ रहे लाल रंग के महिन्द्रा कंपनी के ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ललितपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है। पीडि़त ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 125(ए), 125(बी), 324(2) और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।




