बेड़े में लगाई आग, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी
ललितपुर। थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम देनपुरा में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति द्वारा दूसरे के बेड़े (हाते) में आग लगाने का मामला सामने आया है। आगजनी के कारण पीडि़त के पेड़-पौधे और चारा जलकर राख हो गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम देनपुरा निवासी ब्रजेश पटेल पुत्र चैने पटेल ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि बुधवार, 18 मार्च की सुबह गांव के ही पंचम पटेल पुत्र अनंतराम पटेल ने उनके बेड़े में आग लगा दी। इस आगजनी में बेड़े में लगे आम, बांस और नीम के पेड़ झुलस गए, वहीं वहां रखा भारी मात्रा में भूसा, कंडा और लकडय़िां जलकर नष्ट हो गई हैं। पीडि़त का आरोप है कि जब उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, तो आरोपी पंचम पटेल गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया। आरोपी ने पीडि़त को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अभी तो थोड़ी आग लगी है, आगे और ज्यादा आग लगाएगा। नाराहट पुलिस ने ब्रजेश पटेल की शिकायत पर आरोपी पंचम पटेल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 131, 324(4), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।




