ग्राम पंचायत जरया में सफाई व्यवस्था चरमराई
महरौनी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत जरया में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। पिछले 15 दिनों से सफाईकर्मी नदारद है, जिसके कारण गांव में गंदगी का अंबार लग गया है और नालियां जाम हो गई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार फोन करने के बावजूद सफाईकर्मी इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। नालियों में पानी जमा होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बच्चे लगातार बीमार पड़ रहे हैं। गांव में मच्छरों के नियंत्रण के लिए दवा छिड़काव की भी कोई व्यवस्था नहीं है।
कपिल राजपूत नामक ग्रामीण ने बताया कि उन्होंने कई बार सफाईकर्मी से व्यक्तिगत रूप से नालियों की सफाई के लिए बात की, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला और कोई कार्रवाई नहीं हुई। नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे विद्यार्थियों को स्कूल जाने में भी परेशानी हो रही है।
एक अन्य ग्रामीण लक्ष्मीनारायण ने बताया कि सफाईकर्मी को बार-बार फोन किया जाता है, लेकिन वह कभी-कभार ही फोन उठाता है और आने का कहकर भी नहीं आता। इस लापरवाही के कारण गांव में स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।
इस समस्या को लेकर हाकम सिंह, आनंद, कल्लू, कपिल सिंह, लक्ष्मीनारायण चौबे और जगपाल सहित कई ग्रामीणों ने अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने और सफाईकर्मी की उपस्थिति सुनिश्चित करने की मांग की है।




