चलती ट्रेन में युवक का मोबाइल चोरी, जीआरपी में मामला दर्ज
ललितपुर। चलती ट्रेन में यात्रा के दौरान एक युवक का मोबाइल चोरी हो जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर जीआरपी ललितपुर ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मध्य प्रदेश के कटनी निवासी अंकित जायसवाल 14 मार्च 2026 को हजरत निजामुद्दीन से भोपाल की ओर ट्रेन संख्या 12722 के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। रात में सो जाने के बाद जब 15 मार्च की सुबह करीब 6.30 बजे उनकी नींद खुली, तब उन्होंने देखा कि उनकी पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन गायब है। उस समय ट्रेन ललितपुर स्टेशन से आगे बढ़ चुकी थी। पीडि़त के अनुसार चोरी हुआ मोबाइल वनप्लस कंपनी का ग्रे रंग का फोन है, जिसमें जियो और वीआई के दो सिम कार्ड लगे थे। मोबाइल की कीमत लगभग 29 हजार रुपये बताई गई है। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी ललितपुर ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305 (सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।




