जादू-टोना कर महिला से सोने के जेवर ठगे, थैले में मिले कागज के टुकड़े
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दो शातिर युवकों ने एक महिला को अपनी बातों में फंसाकर और जादू-टोने का डर दिखाकर उसके सोने के सारे आभूषण पार कर दिए। पीडि़त महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार तालबेहट की रहने वाली गुडडी पत्नी पंचम सिंह यादव बीते गुरुवार (09 अप्रैल) को बस द्वारा ललितपुर आई थीं। जैसे ही वह ललितपुर बस स्टैंड पर उतरीं, वहां करीब 12 और 19 वर्ष की उम्र के दो अज्ञात युवकों ने उन्हें बातों में उलझा लिया। महिला जब वहां से जिला अस्पताल की ओर जाने लगीं, तो दोनों युवक भी उनके पीछे-पीछे वहां तक पहुंच गए। पीडि़ता का आरोप है कि अस्पताल के पास बैठने के दौरान युवकों ने उन पर कुछ जादू-टोना कर दिया, जिससे वह अपना होश खो बैठीं। इसी का फायदा उठाकर ठगों ने उनके शरीर से कीमती आभूषण उतरवा लिए, जिनमें सोने का मंगलसूत्र, बीजासेन, दो अंगूठी, कान के बाला व अन्य जेवर ले लिये। शातिर ठगों ने महिला के आभूषण लेने के बाद उनकी पॉलिथीन में काले कपड़े में लिपटा एक बंडल रख दिया और मौके से फरार हो गए। जब महिला को होश आया और उन्होंने संदेह होने पर बंडल खोलकर देखा, तो उसमें सोने के जेवरों की जगह सिर्फ सफेद कागज के टुकड़े भरे हुए थे। आस-पास काफी खोजबीन के बाद भी जब आरोपी नहीं मिले, तो पीडि़ता ने शनिवार को कोतवाली पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला पंजीकृत किया है।




