जिले में राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी का निरीक्षण, टीकाकरण की गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश
राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डा.अजय गुप्ता ने जिले का महत्वपूर्ण प्रशासनिक भ्रमण कर नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीएमओ कार्यालय में भारतरत्न डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। भ्रमण की शुरुआत जिला चिकित्सालय स्थित कोल्ड चेन सिस्टम के निरीक्षण से हुई। यहां उन्होंने टीकों के सुरक्षित भंडारण और तापमान नियंत्रण व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि टीकों की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए निर्धारित तापमान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गोविन्द नगर एवं नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर चौकाबाग का दौरा किया, जहां ई-कवच पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और लाभार्थियों के रिकॉर्ड का मिलान किया गया। फील्ड विजिट के दौरान उन्होंने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं से संवाद कर निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और हर घर तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। सीएमओ कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में डा.गुप्ता ने कहा कि दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में टीकाकरण कवरेज बढ़ाने के लिए सामुदायिक जागरूकता अभियान पर विशेष जोर दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, प्रतिरक्षण अधिकारी डा.शिवप्रकाश, डा.सौरभ सक्सेना, फिरोज आलम, पीओ यूएनडीपी चंद्रभूषण सिंह, शिवेंद्र सिंह (यूसीपीडी, यूएनडीपी), डा. प्रमित श्रीवास्तव (स्टेट लीड, जेएसआई) सहित सीएमओ कार्यालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।




