ससुर ने बहु पर लगाए बहनोई के साथ भागने के आरोप
पीताम्बरा टुडे-ललितपुर। महरौनी तहसील क्षेत्र के एक गांव में एक महिला के अपने रिश्ते के बहनोई के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर महिला के ससुर ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ससुर ने बताया कि उसके बेटे की शादी करीब 15 वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में एक नाती और एक नातिन भी हैं। उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से बहू का व्यवहार ठीक नहीं था। बताया गया कि 16 मई को जब परिवार के लोग काम से वापस घर पहुंचे तो बहू घर पर नहीं मिली। साथ ही नातिन भी गायब थी। घर में रखे सोने-चांदी के गहने और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी नहीं मिले। जानकारी करने पर पता चला कि महिला का रिश्ते का बहनोई घर आया था, जिसके साथ उसके जाने की आशंका जताई जा रही है। पीड़ित ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। बहू द्वारा नकदी और गहने ले जाने से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है। वहीं बच्चों की देखभाल में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने पुलिस से महिला और साथ ले जाए गए बच्चे की तलाश कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




