उत्तर प्रदेशक्राइमराजनीतिराज्य

कार की टक्कर से तीन भाइयों की मौत, चालक ने भी तोड़ा दम

 

 

बांसी के पास हाईवे-44 पर हुआ भीषण हादसा, मृतकों में दो सगे व एक चचेरा भाई शामिल

 

ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र अंतर्गत हाईवे-44 पर कस्बा बांसी के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार तीन भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई और उनका एक चचेरा भाई शामिल है। हादसे में घायल कार चालक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बार क्षेत्र के ग्राम लड़वारी निवासी जसरथ (40), नाथूराम (42) और उनका चचेरा भाई जगदीश (36) रविवार को भोपाल स्थित अपने जीजा के यहां आयोजित सुंदरकांड व धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे तीनों ट्रेन से ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां पार्किंग में खड़ी अपनी बाइक लेकर गांव लौट रहे थे।

 

बताया गया है कि जब वे हाईवे-44 पर बांसी कस्बे के पास पुलिस चौकी और पेट्रोल पंप के बीच पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जसरथ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में नाथूराम और जगदीश को झांसी रेफर किया गया, जहां से उन्हें ग्वालियर भेजा गया। ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में जगदीश ने दम तोड़ दिया, जबकि नाथूराम की ग्वालियर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

 

हादसे में कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

 

सीओ सदर सुनील भारद्वाज ने बताया कि हाईवे-44 पर हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन लोगों की उपचार के दौरान मौत हुई है। कार चालक की भी मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!