CM योगी बोले- मां गंगा की धारा की तरह निरंतर बढ़ रही विकास यात्रा, प्रयागराज को मिली नई वैश्विक पहचान
प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन हॉल और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा कहीं रुकी नहीं है, न ही कहीं थमी है। यह यात्रा मां गंगा की धारा की तरह निरंतर और अविरल आगे बढ़ रही है। उन्होंने “चरैवेति-चरैवेति” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रयागराज आज सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक गौरव और आधुनिक विकास का अद्भुत संगम बन चुका है।
अगले कुंभ तक बनेंगी स्थायी सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले माघ मेला और कुंभ जैसे आयोजनों में गंदगी, भगदड़, अव्यवस्था और अराजकता का माहौल था। लोग प्रयागराज आना भी कतरा करते थे। लेकिन 2019 के कुंभ आयोजन के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से प्रयागराज कुंभ को यूनेस्को द्वारा मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिली, जिससे भारतीय संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली। 2019 और 2025 के महाकुंभ के दौरान डबल इंजन की सरकार ने व्यापक अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया है। यदि इन सुविधाओं का समुचित रखरखाव हुआ तो अगली बार कुंभ तक ये स्थायी धरोहर बन जाएंगी।
प्रयागराज को नई पहचान मिली है
मुख्यमंत्री ने नगर निगम और महापौर के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विरासत को विकास से जोड़ा गया है। 161 वर्ष पुरानी नगर निगम इमारत को भव्य स्वरूप दिया गया है और नए आधुनिक सदन हॉल का निर्माण हुआ है। शहर में 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हो रहा है। शिवालिक पार्क को “वेस्ट टू वेल्थ” का सफल उदाहरण बताया गया, जिसमें 400 टन कचरे से द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां बनाई गईं, जो आकर्षण का केंद्र हैं। ये प्रयास प्रयागराज को नई पहचान दे रहे हैं।
हर वार्ड-मोहल्ले में पहुंच रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्षय वट के दर्शन पहले आम लोगों के लिए बंद थे, किंतु 2019 में प्रधानमंत्री की प्रेरणा से इसे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है। महर्षि भारद्वाज आश्रम को वर्षों बाद मुक्त कर भव्य बनाया गया है। प्रयागराज अब अपनी सांस्कृतिक गरिमा पुनः पा रहा है। शहर की सड़कें चौड़ी और स्मार्ट हो चुकी हैं और शहर ने स्मार्ट सिटी के रूप में विकास की नई शुरुआत की है। वार्ड व मोहल्ले तक विकास पहुंचाने में नगर निगम और जनप्रतिनिधि निरंतर सक्रिय हैं।
सुरक्षा-समृद्धि और सुशासन के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले प्रयागराज में भय, अराजकता एवं गुंडागर्दी का माहौल था, लेकिन अब शहर पूरी तरह माफिया और गुंडागर्दी से मुक्त हो चुका है। बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक निडर होकर कहीं भी जा सकते हैं। जो कोई अपराध करेगा, उसकी सख्त सजा होगी। सरकार सुरक्षा, सुशासन और समृद्धि के लक्ष्यों के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ के दौरान 45 दिनों की असुविधा के बावजूद लोगों ने सहयोग किया, जिससे आयोजन सफल हुआ।
कई बड़े प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से सरकार रोजगार, किसान कल्याण, गरीब कल्याण और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को तेजी से आगे बढ़ा रही है। गंगा एक्सप्रेसवे के माध्यम से प्रयागराज से दिल्ली मात्र सात घंटे में पहुंचा जा सकता है। हर्षवर्धन विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी पर लगभग 1000 करोड़ रुपये के फोर-लेन पुल का निर्माण हो रहा है और फाफामऊ पुल का कार्य भी जल्द पूरा होगा। इन परियोजनाओं का उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी के कर-कमलों से कराने का प्रयास जारी है।
मुख्यमंत्री ने भगवान प्रयागराज, अक्षय वट, मां गंगा और भगवान वेणी माधव का स्मरण करते हुए कहा कि प्रयागराज की विकास यात्रा बिना रुके और बिना डिगे निरंतर आगे बढ़ेगी। प्रदेश सरकार हर विकास प्रस्ताव पर पूरा समर्थन देगी।
कार्यक्रम में प्रमुख लोग उपस्थित
इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री एवं प्रयागराज प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, दीपक पटेल, पीयूष रंजन निषाद, गुरु प्रसाद मौर्य समेत अनेक नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुस्तक विमोचन एवं वेबसाइट शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज नगर निगम के तीन वर्षों के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का उद्घाटन भी किया। उन्होंने सफाईकर्मियों को सम्मान स्वरूप विशेष किट वितरित की।
संगम में फ्लोटिंग जेटी पर गंगा आरती
योगी सरकार प्रदेश के धार्मिक स्थलों को भव्य और नव्य स्वरूप प्रदान कर रही है। प्रयागराज के संगम क्षेत्र में अब प्रतिदिन फ्लोटिंग जेटी पर गंगा आरती का आयोजन होता है। मुख्यमंत्री ने गंगा दशहरा के अवसर पर इस आरती का शुभारंभ किया। यह आयोजन श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आध्यात्मिक अनुभव का केंद्र बनेगा।
मेला प्राधिकरण वेबसाइट से मिलेगी जानकारी
प्रयागराज मेला प्राधिकरण की वेबसाइट पर संगम क्षेत्र के धार्मिक आयोजनों, स्नान तिथियों, उपलब्ध सुविधाओं और संबंधित विभागों के संपर्क नंबरों की विस्तृत जानकारी मिलेगी, जो श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म साबित होगी।
संपादक : सुधीश शर्मा




