सौजना में गेहूं खरीद ठप, बोरे की कमीः एसडीएम ने किया निरीक्षण, किसान वापस लौटने को मजबूर
सौजना में गेहूं खरीद ठप, बोरे की कमीः एसडीएम ने किया निरीक्षण, किसान वापस लौटने को मजबूर महरौनी विकास खंड के ग्राम सौजना स्थित गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाना (बोरे) की कमी के कारण गेहूं खरीद प्रभावित हुई है। स्थिति यह है कि कई केंद्रों पर खरीद कार्य बंद होने से दूर-दराज से अपनी उपज लेकर आए किसानों को बिना गेहूं बेचे वापस लौटना पड़ रहा है।
शनिवार को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) रजनीश बाजपेई ने सौजना के क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसानों ने उन्हें बताया कि केंद्रों पर लंबे समय से बारदाने की कमी बनी हुई है, जिसके कारण गेहूं की खरीद नहीं हो पा रही है।
किसानों ने शिकायत की कि वे कई दिनों से मंडी और क्रय केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि मजबूरी में कुछ किसानों को अपना गेहूं मध्य प्रदेश में बेचने के लिए जाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराने की मांग की ताकि समय पर गेहूं की खरीद हो सके।




