गैंगस्टर एक्ट में वांछित गैंग लीडर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
ललितपुर। जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली महरौनी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गैंग लीडर अनुज राजा सहित उसके दो सहयोगी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी महरौनी रक्षपाल सिंह के पर्यवेक्षण में कोतवाली महरौनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोतवाली महरौनी में दर्ज मुकदमा धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत वांछित गैंग लीडर अनुज राजा पुत्र बलवीर सिंह निवासी ग्राम नैनवारा, शिवाजी राजा उर्फ कृष्णाधीश पुत्र अर्जुन सिंह निवासी ग्राम भैरा और जितेन्द्र सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी ग्राम भैरा को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अनुज राजा के विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शिवाजी राजा के विरुद्ध तीन और जितेन्द्र सिंह के विरुद्ध दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन सभी के विरुद्ध पूर्व में विभिन्न मामलों में आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित किए जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में कोतवाली महरौनी के प्रभारी निरीक्षक निर्भयचन्द्र, उपनिरीक्षक आजाद बाबू, हेड कांस्टेबल राघवेन्द्र राजावत, कांस्टेबल राहुल चौधरी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।




